Wednesday, February 4, 2026

जहानाबाद मलबीघा गांव में दो पक्षों के बीच हिंसा, देसी कट्टा लहराने का वीडियो वायरल, इलाके में तनाव

मखदुमपुर। मखदुमपुर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला लाठी-डंडों व हथियारों से मारपीट में तब्दील हो गया। इस घटना में महिलाओं समेत कुल 10 लोग घायल हो गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
घटना मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कुमरडीह पंचायत अंतर्गत मलबीघा गांव की बताई जा रही है। मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।


वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पक्ष के लोग लाठी-डंडों और अन्य हथियारों के साथ दूसरे पक्ष पर हमला कर रहे हैं। वीडियो में एक युवक हाथ में देसी कट्टा लहराते हुए भी नजर आ रहा है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है। हालांकि, नेक्स्ट भारत न्यूज़ वायरल वीडियो और तस्वीरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में मखदुमपुर थाना प्रभारी दिवाकर कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में दोषियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles