जहानाबाद। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ी पहल की गई है। कुर्मा संस्कृति मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा 25 अप्रैल 2026 से “फ्री स्वास्थ्य सेवा माह” की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के तहत अस्पताल में भर्ती (IPD) होने वाले सभी मरीजों को इलाज पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस दौरान मरीजों को जांच, सर्जरी, दवाइयां और डिलीवरी (नॉर्मल एवं सिजेरियन) जैसी सभी सेवाएं बिना किसी शुल्क के दी जाएंगी। अस्पताल 650 बेड की क्षमता वाला मल्टी स्पेशियलिटी सेंटर है, जहां 250 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कार्यरत है।
अस्पताल में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, ईसीजी, ईको, टीएमटी जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध हैं। इसके अलावा 60 बेड का ICU और NICU भी मौजूद है। आपातकालीन सेवाएं, ब्लड बैंक, फार्मेसी और एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की सुविधा भी मरीजों को दी जाएगी।
अस्पताल के चेयरमैन शंकर कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति पैसों की कमी के कारण इलाज से वंचित न रहे।
अस्पताल में जनरल सर्जरी, ईएनटी, महिला एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग सहित कई विभागों में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रबंधन ने लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।


