जहानाबाद के श्याम नगर मोहल्ला इन दिनों विकास से नहीं, बदहाल सड़कों से चर्चा में है। मलहचक मोड़ से श्याम नगर तक जाने वाली सड़क अब मोहल्ले के लोगों के लिए मुसीबत का दूसरा नाम बन चुकी है। बरसात ने पहले से ही जर्जर इस सड़क को पूरी तरह कीचड़, गड्ढों और जलभराव में तब्दील कर दिया है।
नाले की समुचित निकासी न होने के कारण बारिश होते ही पूरी सड़क जलमग्न हो जाती है। कीचड़ से भरे गड्ढे और बहते नाले के पानी में राह चलना मुश्किल हो गया है। बच्चे स्कूल जाते समय फिसलकर गिर जाते हैं, तो वहीं बाइक और साइकिल सवार आए दिन चोटिल हो रहे हैं। मोहल्ले की महिलाएं और बुजुर्ग भी घर से निकलने से डरने लगे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्थिति इतनी खराब हो गई है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस भी इस रास्ते से नहीं निकल सकती। बच्चों की सुरक्षा से लेकर बुजुर्गों की सुविधा तक सब खतरे में है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी की आंख नहीं खुल रही है।शिकायतों के बाद भी अब तक नहीं हुई सुनवाई
इलाके के लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार पार्षद से लेकर नगर परिषद तक शिकायतें की गईं। लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, कार्रवाई कभी नहीं हुई। इस सड़क से कई शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं रोज गुजरते हैं, और अधिकारियों की गाड़ियां दिनभर इसी रास्ते से दौड़ती हैं, फिर भी हालात जस के तस हैं।


