Wednesday, February 4, 2026

जहानाबाद में गश्ती पर निकले एएसआई से मारपीट, अपराधियों ने छीनी सरकारी पिस्टल

जहानाबाद जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। ताज़ा मामला वाणावर थाना क्षेत्र का है, जहां समकालीन अभियान के तहत गश्ती पर निकले एएसआई सोनू कुमार के साथ अपराधियों ने मारपीट कर उनकी सरकारी पिस्टल छीन ली।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाणावर थाने में पदस्थापित एएसआई सोनू कुमार समकालीन अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार एक महिला समेत पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि अपराधियों ने एएसआई के साथ मारपीट की और जबरन उनकी सरकारी पिस्टल छीनकर फरार हो गए।
घटना में घायल एएसआई सोनू कुमार को इलाज के लिए मखदुमपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।


मामले में एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने बताया कि छीनी गई सरकारी पिस्टल बरामद कर ली गई है। साथ ही घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


एसपी ने यह भी बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपी दो बाइक पर सवार थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना को किस उद्देश्य से अंजाम दिया गया और इसके पीछे किसी आपराधिक गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
घटना के बाद जिले में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest Articles