जहानाबाद में रामनवमी पर्व की पूर्व संध्या पर दिनांक 5 अप्रैल 2025 को जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद प्रताप सिंह के संयुक्त नेतृत्व में जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने जिलेवासियों को रामनवमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य जिले में शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखना था। जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पर्व को सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपने परिजनों के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक सौहार्द एवं आपसी एकता को बढ़ावा देने के लिए मनाया जाता है, अतः सभी नागरिक सौहार्द बनाए रखें और पर्व को उल्लासपूर्वक मनाएं।

शोभा यात्राओं के संबंध में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुज्ञप्ति (परमिशन) के कोई भी शोभा यात्रा आयोजित नहीं की जाएगी। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों की ध्वनि-सीमा 75 डेसिबल से अधिक नहीं होगी। सभी आयोजन स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि प्रत्येक शोभा यात्रा में न्यूनतम 20 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी, जो पहचान पत्र धारण करेंगे एवं प्रशासन को सहयोग प्रदान करेंगे। शोभा यात्राएं अनुज्ञप्ति में निर्धारित समय एवं मार्ग के अनुसार ही संचालित की जाएंगी। सुरक्षा की दृष्टि से सभी प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।

फ्लैग मार्च में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा पुलिस बल सम्मिलित हुए।